मैं कौन हूँ? आध्यात्मिक रहस्य, गीता और विज्ञान से समझें
Introduction (भूमिका): -
नमस्कार साधकों, आज मैं आपलोगों के सामने एक ऐसा सवाल लेकर आया हूँ, जो सदियों से हरेक आध्यात्मिक यात्री के मन में गूंजते रहा है और वह सवाल है “मैं कौन हूँ”।
जी हाँ दोस्तों, यह सवाल ” मैं कौन हूँ?” बहुत ही सरल लगता है, लेकिन इसमें छिपा है हमारे जीवन का सबसे गहरा रहस्य | जैसे ही यह प्रश्न हमारे भीतर उठता है, वहीं से आध्यात्मिक यात्रा की शुरुवात होती है।
तो चलिये इसी रहस्य से की ” मैं कौन हूँ?” पर्दा हटाने के लिए आज हम बाहर की तरफ नहीं बल्कि अपने भीतर की तरफ झांकने का प्रयास करते हैं। इस सवाल का उत्तर पाने के लिए हम आध्यात्मिक विज्ञान,आधुनिक विज्ञान और भगवद्गीता का सहारा लेंगे ताकी एक सही निष्कर्ष पर पहुंचें।
इस सवाल का उत्तर पाना इसलिए जरूरी है ताकि सबसे पहले हम अपने बारे में जान सकें कि हम कौन हैं। जबतक हमलोग अपने बारे में न जानेंगे तबतक इस ब्रह्मांड के रहस्य को नहीं जान सकते। तो चलिए शुरू करते हैं-
सामान्य दृष्टि से - "मैं कौन हूँ?"
जब हम किसी से उसकी पहचान पूछते हैं तो सामान्यतः वह अपना नाम बताता है, जैसे- मैं कृष्ण हूँ, मैं मोहन हूँ, मैं राकेश हूँ, मैं लक्ष्मी हूँ, मैं राधा हूँ, इत्यादि
या-
मैं प्रोफेसर हूं, डॉक्टर हूँ, प्रिंसिपल हूँ, किसान हूँ, व्यापारी हूँ, इत्यादि पद या पेशा से अपनी पहचान जाहीर करता है।
या-
मैं फलाँ का पिता हूँ,फलाँ का पुत्र हूँ ,फलाँ की पत्नी हूँ, फलाँ की बेटी हूँ, इत्यादि रिश्ते-नाते के माध्यम से भी लोग अपनी पहचान जाहिर करते हैं,
या-
कुछ लोग थोड़ी अहंकार की भाषा में अपनी पहचान जाहिर करते हैं, जैसे- मैं अमीर हूँ, मैं सुंदर हूँ, मैं इस गाँव का सबसे धनवान वाक्ति हूँ, मैं बड़ा नेता हूँ इत्यादि ।
यानी साधारणतः हम अपनी पहचान शरीर, मन या अहंकार के रूप में प्रकट हैं। परन्तु यहाँ पर सवाल उठता है कि क्या वास्तव में हम एक शरीर, मन, बुद्धि या अहंकार हैं ? क्या यही हमारी असली है?
नहीं मित्रों, यह हमारी वास्तविक पहचान नहीं है, यह तो आपकी सांसारिक पहचान है, जिसके माध्यम से आप अपने समाज में जाने और पहचाने जाते हैं।
ये शरीर, मन, बुद्धि, अहंकार इत्यादि सभी बदलने वाली चिज है। शरीर बदलता है, मन बदलता है, बुद्धि और अहंकार भी बदलते हैं,परन्तु मैं का भाव बना रहता है।
आइये इसे कुछ उदाहरण से समझने का प्रयास करते हैं: -
(ⅰ) मान लीजिए कि एक किताब टेबल पर पड़ी है जो आपकी है। कोई अनजान व्यक्ति वहाँ आता है और आपसे पूछता है कि यह किताब किसकी है। तो आप बताते हैं कि यह किताब मेरी है।
इसका तो मतलब यही हुआ कि आप बस किताब के स्वामी, मालिक है; आप खुद वह किताब नहीं हैं।
(ii) इसी तरह अगर कोई व्यक्ति बोलता है कि यह शरीर मेरा है तो इसका मतलब तो यही निकलता है कि आप शरीर नहीं है, बल्कि आप उस शरीर के मालिक हैं।
ऐसे भी आप एक शरीर नहीं हो सकते क्योंकि शरीर तो हमेशा बदलते रहता है। लाखों -करोड़ों कोशिकाएँ हमारे शरीर में नित्य मरते और पैदा होते रहते हैं।
विज्ञान बताता है कि करीब 7 साल में हमारा पुरा शरीर बदल जाता है यानि इतने दिन में हमारे शरीर की सारी कोशिकाएँ मर जाती हैं और नये कोशिकाओं का निर्माण हो जाता है। यानि हम शरीर के स्तर पर नाशवान हैं।
यह शरीर 5 नाशवान तत्वों से बना हुआ है और मृत्यु के बाद इन्हीं तत्वों में समा जाता है। तो हम कह सकते कि हम यह शरीर नहीं हैं ,क्योंकि यह परिवर्तनशील और नाशवान है।
क्षिति जल पावक गगन समीरा, पंच रचित अति अधम शरीरा — (रामचरितमानस )
तो क्या हम मन हैं?
हम मन भी नहीं है,मित्रों। आइये इसे समझते हैं- जब कोई इंसान जन्म लेता है तो उसके पास कोई मन नहीं होता है। उसका मन विल्कुल शुन्य होता है, उसका मन विल्कुल खाली होता है, उसका मन विल्कुल निर्मल होता है। उससे कुछ भी पूछिये वह कुछ नहीं बतायेगा क्योंकि उसका मन शुन्य है।
कुछ ही महिनों के बाद उसके परिवार या समाज के द्वारा उसके मन में अनेक तरह के Information डाल दिये जाते हैं यानि उसका मन कई तरह के संस्कारों से भर दिया जाता है, जैसे- तुम्हारा नाम राज है, तुम्हारे माता का नाम – कलावती है, तुम्हारे पिता का नाम सोहन है, तुम हिन्दू हो,तुम मुस्लिम हो, तुम्हारा देश भारत है, तुम्हारा जात उच्च है, इत्यादि । यानि मन का निर्माण इसी संसार में होता है।
अब थोड़ा ठहरकर एक कल्पना कीजिए कि अगर कोई तकनिक से आप के मन के भीतर से ये सारे Information को बाहर निकाल दिया जाए तो क्या होगा।
हम फिर से बच्चे के तरह खाली मन वाला इंसान बन जाएँगे । यानि मन भी Permanent (शाश्वत) नहीं है। यह हर समय बदलता है और यह भी संसारी चीज है।
तो क्या हम अहंकार है?
नहीं मित्रों, हम अहंकार भी नहीं हैं। अहंकार वह भावना है जो कहती है- मैं DM हूँ, मैं SP हूँ, मैं अमीर हूँ। मैं सुन्दर हूँ, मैं बहुत शांत हूँ इत्यादि ।
ये सारे अहंकार के उदाहरण हैं। इस तरह के भावना से धीरे-धीरे मन में एक झूठा “मैं” का निर्माण हो जाता है जिसे अहंकार कहते हैं। यह मन की बनाई हुई एक छवि (Image) है खुद की।
जैसा कि आपने पहले देखा कि हम मन भी नहीं हैं तो इससे साफ हो जाता है कि हम अहंकार भी नहीं हैं क्योंकि यह तो मन द्वारा बनाइ हुइ खुद की छवि है।साथ ही अहंकार भी परिवर्तनशील है।
ऐसे भी जब मन नहीं तो अहंकार भी नहीं क्योंकि अहंकार तो मन के द्वारा बनाई गई झूठी पहचान है। मतलब हम अहंकार भी नहीं है।
मतलब मैं शरीर भी नहीं,मन भी नहीं,अहंकार भी नहीं हूँ, तो फिर क्या हूँ, मैं कौन हूँ?
मित्रों, तो अभी तक आपने देखा कि मैं शरीर नहीं हूँ, मन नहीं हूँ और अहंकार भी नहीं हूँ। तो फिर कौन हूँ ? हमारी असली पहचान क्या है।
हमारी वास्तविक पहचान क्या है?
जब हम बोलते हैं कि यह शरीर मेरा है तो इससे स्पष्ट हो जाता है कि आप शरीर नहीं है परन्तु आपके शरीर के भीतर कोई तो है जो बोल रहा है कि यह शरीर मेरा है।
तो दोस्तों, वह शक्ति जो ऐसा बोल रहा है, आप वही हैं। उसी को शुद्ध चेतना, उसी को आत्मा, उसी को जीवात्मा या वेदान्त में ब्रह्म कहा गया है। यही हमारी असली पहचान है- यही हमारी True Identity है।
हमारे वेद क्या कहते हैं?
यजुर्वेद का महावाक्य है– “अहं ब्राह्मास्मि” = मैं ब्रह्म हूँ, मतलब मेरे अंदर जो आत्मा है वही ब्रह्म है – वही ईश्वर है।
सामवेद का महावाक्य है – तत्वमसि (तत् त्वम असि)
तत्वमसि = आप भी वही हो। यानि जब जीव परमात्मा का अनुभव कर लेता है, तब वह उसी का रूप हो जाता है ।
इन दोनों वेदों के महावाक्य का मतलब यही है कि हम ब्रह्म या ईश्वर से अलग नहीं है, बल्कि उसी ब्रह्म का हम स्वरूप हैं। बस चेतना के स्तर का अंतर होता है। अगर ईश्वर अनंत चेतना का तत्व है तो हमलोग उसी असीम चेतना के अंश हैं परन्तु हैं वही ।
जब व्यक्ति इसे अपने अन्तःकरण से स्वीकार कर लेता है कि वह ईश्वर का ही सनातन अंश है तो इसे ही बोलते हैं self realization अर्थात आत्म-बोध हो जाना। इसे ही बोलते हैं आत्म-साक्षात्कार होना।
यह किसी भी जीव के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इससे साफ हो जाता है कि ब्रह्म और आत्मा दोनों अलग नहीं, बल्कि एक ही हैं।यही वेदांत का एकत्व का सिद्धांत हैं। हम अलग नहीं, ब्रह्म अलग नहीं, दोनों एक ही हैं।
श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश -
ममैवांशो जीवलोके जीवभूतः सनातनः ।
मनः षष्ठानि इन्द्रियाणि प्रकृतिस्थानि कर्षति || (BG 15.7)
कृष्ण कहते हैं कि संसार में रहनेवाले सारे प्राणी मेरे ही सनातन अंश हैं। वह मन सहित छः इन्द्रियों को, जो प्रकृति के अंश हैं, उनको आकर्षित करता है।
तो श्रीकृष्ण जिसे अपना अंश कह रहे है, वह यही आत्मा या जीवात्मा है जो हर प्राणी के भीतर में रहता है और हम वास्तव में वही हैं।
दो तरह का "मैं"--
“मैं कौन हूँ” का वास्तविक मतलब समझने के लिए हमें यह समझना होगा कि हमारी पहचान दो तरह के “मैं’ से होती है। एक ‘मैं’ वह है जिससे हमारी सांसारिक पहचान बनती है, जैसे- में राम हूँ, श्याम हूँ, डॉक्टर हूँ, किसान हूँ.. इत्यादि ।
दूसरा ‘मैं’ वह है जिससे हमारी वास्तविक पहचान होती है ,जैसे मैं शुद्ध चेतना हूँ,आत्मा हूँ, इत्यादि। यह आत्मा हमारे भीतर एक साक्षी (witness) के तरह, एक द्रष्टा के तरह बैठा रहता है। “The Soul is a witness within us “.
जब आप सच्चे मन से अपने असली “मैं” को स्वीकार कर लेंगे तो आपके लिए सम्पूर्ण विश्व ही अपना हो जाएगा। हर प्राणि चाहे मनुष्य हो, पशु हो, पेड़-पौधे हों या कोई अन्य जीव हो, सब में वही आत्मा विराजमान है।
इसे ही बोलते हैं आत्मज्ञान को हो जाना। इसिलिए तो गीता में श्रीकृष्ण ने कहा है –
समं सर्वेषु भूतेषु तिष्ठन्तं परमेश्वरम् ।
विनश्यत्स्वविनश्यन्तं यह पश्यति स पश्यति।। (BG13.28)
अर्थात् जो साधक सभी प्राणियों में परमेश्वर को समान रूप से विद्यमान देखता है, और नाशवान शरीरों में भी उस अविनाशी परमेश्वर का दर्शन करता है – वही वास्तव में सही देखने वाला है।
यहाँ भी कृष्ण ने यह साफ-साफ कहा है कि मैं हर प्राणी में रहता हूँ और वह आत्मा ही है जिसके बारे में उन्होने यहाँ वर्णन किया है। अतः गीता से भी हमारी असली पहचान जाहिर होता है कि हमलोग शुद्ध चेतना/आत्मा हैं।
मैं कौन हूँ? : स्वयं को कैसे पहचानें? https://hindi.dadabhagwan.org/path-to-happiness/spiritual-science/who-am-i-realize-your-true-self/
निष्कर्ष (Conclusion):-
हर जीव परमात्मा का ही अंश है जिसे आत्मा / जीवात्मा / जीव इत्यादि नामों से जाना जाता है। “मैं कौन हूँ” का उत्तर बाहर नहीं, भीतर है- इसे स्वीकार करे।
मैं शरीर नहीं, मैं मैं मन नहीं, मैं साक्षी आत्मा हूँ। यही हमारी असली पहचान हैं। विज्ञान हमारे भीतर जिस कांशसनेस(consciousness) कि बात करता है वह यही है।
FAQ: “मैं कौन हूँ?”
1 ) “मैं कौन हूँ?” यह प्रश्न क्यों महत्वपूर्ण है?
उत्तर: यह प्रश्न आत्म-अन्वेषण (Self-Inquiry) का मूल है। जब तक मनुष्य स्वयं को केवल शरीर, नाम और भूमिका तक सीमित मानता है, तब तक दुःख बना रहता है। यह प्रश्न हमें हमारे वास्तविक स्वरूप — आत्मा/चेतना की ओर ले जाता है।
2) क्या “मैं” शरीर हूँ?
उत्तर: नहीं। शरीर बदलता है — बचपन, युवावस्था, वृद्धावस्था आती-जाती है। पर “मैं हूँ” की अनुभूति स्थिर रहती है। गीता (2.13) कहती है: देहिनोऽस्मिन्यथा देहे… — आत्मा देह से भिन्न है।
3 ) क्या “मैं” मन (Mind) हूँ?
उत्तर: नहीं। मन में विचार आते-जाते रहते हैं। जो विचारों को देख रहा है, वही साक्षी चेतना है — वही “मैं” है।
4) उपनिषद “मैं कौन हूँ” के बारे में क्या कहते हैं?
उत्तर: उपनिषद कहते हैं — अहं ब्रह्मास्मि (मैं ब्रह्म हूँ) तत्त्वमसि (वह तुम ही हो) अर्थात “मैं” सीमित व्यक्ति नहीं, बल्कि अनंत चेतना हूँ।
5 ) भगवान श्रीकृष्ण गीता में “मैं” को कैसे समझाते हैं?
उत्तर: गीता के अनुसार “मैं” न कर्ता है, न भोक्ता — आत्मा अकर्ता, अभोक्ता, अविनाशी है कर्म शरीर-मन करते हैं, आत्मा साक्षी रहती है
6 ) क्या आधुनिक विज्ञान “मैं कौन हूँ” को स्वीकार करता है?
उत्तर: हाँ। न्यूरोसाइंस कहता है — “Self” कोई ठोस वस्तु नहीं क्वांटम फिज़िक्स कहती है — Observer (द्रष्टा) महत्वपूर्ण है विज्ञान भी अब मानता है कि चेतना मूल तत्व है।
7) “मैं कौन हूँ” जानने से जीवन में क्या परिवर्तन आता है?
उत्तर: भय कम होता है मृत्यु का डर घटता है तनाव और अहंकार ढीले पड़ते हैं जीवन में शांति और स्पष्टता आती है
8 ) क्या सामान्य व्यक्ति भी “मैं कौन हूँ” का अनुभव कर सकता है?
उत्तर: बिल्कुल। इसके लिए संन्यासी होना आवश्यक नहीं। आत्म-चिंतन ध्यान साक्षी भाव से कोई भी इस सत्य को अनुभव कर सकता है।
9) “मैं कौन हूँ” पूछने की सही विधि क्या है?
उत्तर: मैं कौन हूँ के बारे में महर्षि रमण ने बताया: जब भी विचार आए — “यह विचार किसे आया?” उत्तर होगा — “मुझे” फिर पूछें — “मैं कौन हूँ?” यहीं ध्यान टिकाना ही साधना है।
10 ) क्या “मैं कौन हूँ” का उत्तर शब्दों में दिया जा सकता है?
उत्तर: नहीं मैं कौन हूँ, यह अनुभव का विषय है, न कि केवल बौद्धिक उत्तर का। शब्द केवल दिशा दिखाते हैं, मंज़िल अनुभव से मिलती है।
मित्रों, यदि आपको यह ब्लॉग “मैं कौन हूँ? आध्यात्मिक रहस्य, गीता और विज्ञान से समझें” अच्छा लगा हो और इसमें बताए गए आत्मचिंतन ने आपके मन को छुआ हो, तो मैं आपका हृदय से आभारी हूँ।
आप मेरे अन्य ब्लॉग्स भी पढ़ सकते हैं जहाँ आध्यात्म, आत्मज्ञान, गीता के शाश्वत संदेश और जीवन के गहरे प्रश्नों पर सरल भाषा में चर्चा की गई है। नीचे दिए गए लिंक्स पर जाकर आप उन्हें पढ़ सकते हैं:
आपका साथ और प्रेम ही मेरी लेखन यात्रा का सबसे बड़ा प्रोत्साहन है। नमस्कार 🙏

Pingback: आत्मा क्या है?आत्मा का अर्थ आध्यात्मिक और वैज्ञानिक विश्लेषण
Pingback: क्या जीव, आत्मा, जीवात्मा और परमात्मा एक ही हैं?
Pingback: क्या वनस्पति में आत्मा होती है? | शास्त्र, गीता और विज्ञान
Pingback: अहं ब्रह्मास्मि और तत्त्वमसि: वेदांत का सत्य